
नयी दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस पर आज सेना और अर्धसैनिक बलों के 132 जवानों को वीरता पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। इन जाबाज जवानों को कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र समेत कई पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
ले. कर्नल. अजय सिंह कुशवाहा, मेजर विभूति शंकर ढोंडियाल (मरणोपरांत), कैप्टन महेश कुमार भूरे, लांस नायक संदीप सिंह (मरणोपरांत), सिपाही ब्रिजेश कुमार सिंह को शौर्य चक्र से सम्मानित किया जाएगा।
सेना के सपर प्रकाश जाधव और सीआरपीएफ डिप्टी कमांडेंट हरपाल सिंह को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा बीएसएफ के 56 अधिकारियों को भी पुलिस मेडल्स से सम्मानित किया जाएगा।
वीरता के लिए 5 को पुलिस मेडल, अन्य 5 को प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए प्रेसिडेंट्स पुलिस मेडल और 46 को मेधावी सेवाओं के लिए पुलिस मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वीर चक्र से नवाजे जाएंगे। इसके साथ ही विंग कमांडर अमित रंजन, स्क्वाड्रन लीडर राहुल बसोया, पंकज भुजडे, बीकेएन रेड्डी, शशांक सिंह को वायु सेना पदक (वीरता) दिया जाएगा।
ये सभी मिराज 2000 लड़ाकू विमान के पायलट हैं। इन्होंने ही पाकिस्तान के बालाकोट शहर में जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादी शिविरों पर एयरस्ट्राइक की थी।